सावधान हो जाएं! हरियाणा में अगले दो दिन तक चलेगी शीतलहर, इस दिन से फिर शुरू होगा बारिश का दौर
इस बार जनवरी में चार वर्षों में सर्वाधिक वर्षा हुई है। जनवरी में अब तक करनाल में 27.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। जनवरी 2025 में 23.5 एमएम, 2024 में 0.00 एमएम व 2023 में 23.0 एमएम वर्षा हुई थी। जनवरी के आखिरी दिनों में मौसम ने करवट बदलते हुए ठंड की धार और तेज कर दी है।
रुक-रुक कर हुई बारिश और बादलों की लगातार आवाजाही ने जहां तापमान कम हो गया है, वहीं गहरी धुंध ने जनजीवन की रफ्तार भी थाम दी है। करनाल में 30 जनवरी तक धुंध का येलो अलर्ट जारी किया है। 31 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के संकेत मिल रहे हैं। इस बार सर्दी लंबी खिंच सकती है। फरवरी की शुरुआत भी हल्की बूंदाबांदी के साथ हो सकती है।
30 जनवरी की रात के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से मैदानी इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर सहित क्षेत्र में एक बार फिर वर्षा का दौर देखने को मिल सकता है। 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच छिटपुट बारिश के आसार हैं।
मौसम के संकेत बताते हैं कि ठंड का असर फरवरी के शुरुआती दिनों तक बना रह सकता है। बारिश और बादलों के कारण तापमान में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो पा रही है। यही वजह है कि दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। पश्चिमी विक्षोभों की आवृत्ति बनी रही तो ठंड का दौर लंबा खिंच सकता है।
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, हिसार, जींद, भिवानी व चरखी दादरी।
पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद आने वाले दो दिन तक प्रदेश में शीत लहर चल सकती है। उसके बाद 31 जनवरी से लगातार वर्षा होने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार भिवानी का रात का तापमान 5.5 डिग्री तक पहुंच गया है।
वहीं, बुधवार को सुबह के समय कोहरा छाया रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है। वर्षा होने के बाद रात और दिन के तापमान में उतार चढ़ाव हो रहा है।
