अरविंद केजरीवाल ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

0

दिल्ली में विधानसभा चुनाव के तारीख की घोषणा हो चुकी है। 5 फरवरी को मतदान किया जाएगा। वहीं 8 फरवरी को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस बीच भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक दूसरे पर जमकर हमला करने लगी हैं। अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह ने बीते दिनों प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा था। इस बीच दिल्ली चुनाव के मद्देनजर अरविंद केजरीवाल फिर से एक बार दिल्ली की जनता को संबोधित कर रहे हैं। चलिए बताते हैं कि अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा है।

अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि देश के प्रसिद्ध एक्टर सैफ अली खान के ऊपर उनके घर में घुस कर हमला किया गया। अभी पता चला है कि उनका अस्पताल के अंदर इलाज चल रहा है। हम उम्मीद करते हैं और भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वो जल्दी ठीक हो जाएं। इतने सुरक्षित स्थान पर रहने वाले एक्टर सैफ अली खान के घर के अंदर रात में घुसकर बदमाशों द्वारा उनपर चाकू से हमला कर देना, राज्य सरकार और केंद्र सरकार के ऊपर बड़ा प्रश्न खड़ा करती है।

उन्होंने कहा कि इसका साफ मतलब है कि दोनों ही सरकारें लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रही हैं। बॉम्बे में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। सलमान खान के घर के बाहर शूटआउट हुआ। बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई। बाबा सिद्दीकी तो एनडीए के ही पार्टनर थे। देश के इतने बड़े-बड़े सेलिब्रिटी ही सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा की डबल इंजन की सरकार अगर सेलिब्रिटी को ही सुरक्षा नहीं दे सकती तो आम आदमी को सुरक्षा क्या ही देगी। गुजरात की जेल में बैठकर एक गैंगस्टर खुलेआम फिरौती कर रहा है और शूटआउट के ऑर्डर दे रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे उसकी सरकार के अंदर अच्छी पैठ है। वह धड़ल्ले से सब कर रहे हैं। उन्हें कोई डर नहीं है। ऐसा लगता है कि उनके ऊपर किसी का संरक्षण है।

उन्होंने कहा कि रोज खड़े होकर भाजपा वाले कहते हैं कि रोहिंग्या बॉर्डर क्रॉस करके आते हैं। अगर केंद्र सरकार से बॉर्डर सुरक्षित नहीं हो पा रहा तो इस्तीफा दे दें। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इनसे देश के सेलिब्रिटी की सुरक्षा नहीं हो रही है। इनसे बॉर्डर की सुरक्षा नहीं हो रही है। इनसे देश की राजधानी की सुरक्षा नहीं हो रही है। दिल्ली में आज खुलेआम गैंगवॉर हो रहा है। व्यापारियों को फिरौती के लिए फोन आ रहे हैं। व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, बच्चे सुरक्षित नहीं है। दिल्ली से रोज 17 बच्चे गायब हो रहे हैं। आज डबल इंजन की सरकार ना तो अच्छी सरकार दे सकती है और ना ही देश को सुरक्षा दे सकती है। हम सैफ अली खान के ऊपर हुए कायराना हमले की निंदा करते हैं।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर