मिडिल ईस्ट संकट के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को किया फोन, होर्मुज पर हुई बात
ईरान युद्ध और पश्चिम एशिया संकट के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंगलवार को फोन पर बात की. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी. मौजूदा संकट के बीच दोनों नेताओं में यह बातचीत वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से अहम मानी जा रही है.
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच बातचीत के दौरान मिडिल ईस्ट की मौजूदा स्थिति को लेकर चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को खुला रखने की अहमियत पर भी बातचीत की.
प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पर बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप का कॉल आया था. इस दौरान पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को लेकर विचारों का उपयोगी आदान-प्रदान हुआ. उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में तनाव घटाने और जल्द से जल्द शांति बहाली का समर्थन करता है.
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के लिए यह जरूरी है कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज खुला रहे, सुरक्षित रहे और सभी के लिए सुलभ रहे. राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत में दोनों नेता इस बात पर सहमत थे कि शांति और स्थिरता बनाए रखने की कोशिशों के तहत लगातार संपर्क बनाए रखेंगे.
