Amarnath Yatra 2026 : 15 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें यात्रा से जुड़ी सभी अहम बातें

0

बाबा बर्फानी के दर्शन को तैयार हो रहे देशभर के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए अग्रिम पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू होगा. यह ऐलान श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने किया है, जो हर साल यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभाता है.

कब और कहां होगा पंजीकरण?
पंजीकरण 15 अप्रैल से देशभर की 554 निर्धारित बैंक शाखाओं में शुरू होगा. इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक और यस बैंक को अधिकृत किया गया है. श्रद्धालु अपने नजदीकी शाखा में जाकर आवेदन कर सकते हैं.

कौन कर सकता है आवेदन?
यात्रा के लिए 13 से 70 वर्ष तक के श्रद्धालु ही पंजीकरण करा सकेंगे. 13 वर्ष से कम आयु के बच्चे, 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग और छह सप्ताह से ज़्यादा गर्भवती महिलाओं को इजाज़त नहीं दी जाएगी.

कैसे होगा पंजीकरण?
इस बार प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी बनाने के लिए आधार आधारित बायोमीट्रिक ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है. यह वेरिफिकेशन नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर के पोर्टल के जरिए किया जाएगा. किसी तकनीकी दिक्कत होने पर बैंक मैनुअल फोटो और डेटा प्रविष्टि के ज़रिए भी पंजीकरण स्वीकार करेगा.

जरूरी दस्तावेज और शुल्क
श्रद्धालुओं को अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जमा करना होगा, जो 8 अप्रैल या उसके बाद अधिकृत डॉक्टर या मेडिकल संस्थान द्वारा जारी किया गया हो. इसके अलावा वैध पहचान पत्र और सही मोबाइल नंबर देना भी जरूरी होगा. पंजीकरण शुल्क प्रति यात्रा परमिट 150 रुपये तय किया गया है.

यात्रा से जुड़ी अहम बातें
यात्रा परमिट ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर जारी किया जाएगा. हर एक बैंक शाखा को प्रतिदिन सीमित कोटा दिया गया है.  परमिट पर यात्रा मार्ग (बालटाल या पहलगाम) और तिथि स्पष्ट रूप से दर्ज होगी.

श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वो मौसम, ऊंचाई और स्वास्थ्य से जुड़ी सावधानियों का खास ध्यान रखें. यात्रा की तारीखों और अन्य दिशा-निर्देशों की घोषणा जल्द की जाएगी.

हर साल लाखों श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा में शामिल होते हैं. बेहतर व्यवस्था और नई तकनीक के साथ इस बार भी यात्रा को और सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की तैयारी की गई है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *