Delhi Elections 2025: विधानसभा चुनाव से पहले आप को झटका, सुखबीर दलाल और बलबीर सिंह भाजपा में हुए शामिल

दिल्ली में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में नेताओं का दल-बदल जारी है। आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक सुखबीर सिंह दलाल ने आप का साथ छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है। वहीं दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 6 बार सदस्य रहे सरदार बलबीर सिंह ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा ज्वाइन कर ली है।
सुखबीर सिंह दलाल और बलबीर सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और जम्मू-कश्मीर के सह प्रभारी आशीष सूद की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी का पटका पहनाकर दोनों का स्वागत किया।
सुखबीर सिंह दलाल साल 2015 से साल 2020 तक आम आदमी पार्टी से दिल्ली देहात के विधायक रहे हैं, वो दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य भी रह चुके हैं। पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सुखबीर सिंह दलाल का चुनावी टिकट काट दिया था और इस बार की सूची में भी उनका नाम नहीं हैं। इसी बात से नाराज होकर दलाल ने आप का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है।
भाजपा की अध्यक्षता लेने के बाद बलबीर सिंह ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार चल रही है, जो पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिपटी हुई है। वहीं मोदी सरकार ने देश ही नहीं विदेश में भी भारत का मान बढ़ाया है।
वहीं आशीष सूद ने कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में शामिल रहे दो बड़े नाम और दिल्ली देहात के लिए काम करने वाले नेता हमारी पार्टी में शामिल हुए हैं। ये हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। मुझे विश्वास है कि डॉ. सुखवीर सिंह दलाल और बलबीर सिंह के भाजपा में शामिल होने से भाजपा को एक नई मजबूती और दिल्ली में काम करने के कदम को बढ़ावा मिलेगा।