आप भज्जी को जालंधर कैंट से लडा सकती है विधानसभा चुनाव परगट सिंह को घर में घेरने के लिए टर्बनेटर को किया जा रहा तैयार

पंजाब की राजनीति में जैसे-जैसे 2027 के विधानसभा चुनावों की बिसात बिछ रही है, वैसे-वैसे कई नए और चौंकाने वाले नाम सामने आ रहे हैं। जालंधर कैंट से जुड़े राजनीतिक गलियारों में इन दिनों एक नाम बड़ी तेजी से चर्चा में है—पूर्व क्रिकेटर और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह।
कैंट सीट पर “भज्जी फैक्टर” की रणनीति
सूत्रों के अनुसार, आम आदमी पार्टी के थिंक टैंक ने पार्टी हाईकमान को एक रणनीतिक सुझाव दिया है:
“अगर हॉकी के पूर्व कप्तान और कांग्रेस नेता परगट सिंह को उनके गढ़ में घेरना है, तो हरभजन सिंह को जालंधर कैंट से उतारा जाना चाहिए।”
जालंधर कैंट, परगट सिंह का पारंपरिक मजबूत इलाका माना जाता है, लेकिन AAP की नज़र अब इस पर गहराई से है। जानकारों का मानना है कि हरभजन सिंह जैसी लोकप्रिय और साफ-सुथरी छवि वाले शख्स को इस सीट पर उतारना AAP के लिए मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है।
• 2022 से AAP के राज्यसभा सांसद हैं।
• राजनीति में आने के बाद से अब तक विवादों से दूर, लेकिन चुनावी राजनीति से भी दूरी बनाए रखी।
• 2025 में लुधियाना (पश्चिम) उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार संजीव आरोड़ा के समर्थन में रोड शो कर सक्रियता दिखाई।
• पिछले कुछ महीनों में स्थानीय कार्यक्रमों, खेल आयोजनों और सामुदायिक बैठकों में उनकी उपस्थिति लगातार बढ़ी है—जिसे “ग्राउंड एक्टिवेशन” की दिशा में एक संकेत माना जा रहा है।
हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी यह चर्चा गर्म हुई कि “भज्जी” पंजाब की विधानसभा राजनीति में सीधे उतर सकते हैं। हालांकि अभी तक खुद हरभजन सिंह या आम आदमी पार्टी ने इस बारे में कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हरभजन सिंह मैदान में उतरते हैं, तो जालंधर कैंट सीट पर मुकाबला बेहद रोचक हो जाएगा।
उनकी लोकप्रियता, खेल जगत में योगदान और अब तक की “साफ” राजनीतिक छवि उन्हें जनता के बीच एक भरोसेमंद चेहरा बनाती है।