हरियाणा के नूंह में सेनेटरी गोदाम में भीषण आग, सवा करोड़ से अधिक का सामान जलकर राख

0

हरियाणा के नूंह के तावडू के नूंह रोड पर स्थित गांव छारोडा बस स्टैंड के पास एक सेनेटरी गोदाम में देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई. ग्रामीणों का आरोप है कि ये आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी. आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा लोहे के प्लंबिंग, सेनेटरी सामान और बाकी सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई. मालिकों के मुताबिक सवा करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है. लोगों ने दमकल और बिजली विभाग पर भी लापरवाही का आरोप भी लगाया है.

तेज़ी से भड़की आग : आग देर रात करीब 1बजे लगी और तेजी से भड़क उठी. गोदाम के आसपास लकड़ी की फैक्ट्री और टाइल्स गोदाम भी मौजूद हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी. गोदाम लोहे की चादर से बना था और उसमें काफी मात्रा में सामान भरा हुआ था. आग लगते ही चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी और बाकी साधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके. दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई, लेकिन शुरुआत में केवल एक फायर ब्रिगेड गाड़ी पहुंची. लोगों का आरोप है कि दूसरी गाड़ी में ज्यादा पानी नहीं था. ग्रामीणों ने नूंह दमकल विभाग को बार- बार फोन किया, लेकिन रात में कर्मचारियों से ठीक से बात नहीं हुई और मदद में देरी हुई. रात भर ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों को फोन कर गुहार लगाई, लेकिन पर्याप्त सहायता नहीं मिली.

घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू : तावडू सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए निगरानी शुरू की. जिला मुख्यालय जाने वाली सड़क पर सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोकी गई. आखिरकार सुबह करीब 4:15 बजे, लगभग 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. हालांकि आग से किसी की जान नहीं गई. पीड़ित मालिक मुबारक, आरिफ और ग्रामीण परवेज, हाशिम, शाहरुख आदि ने बताया कि यदि दमकल विभाग समय पर पर्याप्त संसाधनों के साथ पहुंचता तो कुछ सामान बचाया जा सकता था. उन्होंने कहा कि नुकसान की सही राशि का आंकलन अभी बाकी है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान सवा करोड़ से अधिक का है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *