अमृतसर में पुलिस थाने के पास धमाके जैसी तेज आवाज से ग्रामीणों में दहशत, जांच शुरू
पंजाब के अमृतसर में ज़ोरदार धमाके जैसी आवाज़ सुनाई दी। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बताया कि उन्होंने इसकी की जांच शुरू कर दी है। राजासांसी इलाके के कुछ ग्रामीणों ने बताया था कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को उन्होंने यह आवाज़ सुनी थी। राजासांसी इलाके में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ज़िले के अधिकार क्षेत्र में आने वाले भिंडी-सैधां पुलिस थाने के पास रहने वाले ग्रामीणों ने दावा किया कि रात में उन्हें एक ज़ोरदार आवाज़ सुनाई दी, जिससे आस-पास के इलाकों में दहशत फैल गई।
पुलिस ने बताया कि किसी भी जान-माल के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है और मामले की जांच चल रही है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि पुलिस थाने की इमारत या उसके परिसर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। फोरेंसिक विशेषज्ञों सहित पुलिस की कई टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं। एक अधिकारी ने बताया कि वे इलाके के CCTV फुटेज भी खंगाल रहे हैं। पहले भी पंजाब में थानों को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमले हो चुके हैं।
वहीं, अमृतसर के एक सीमावर्ती गांव में सोमवार को अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सोहना सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सिंह राजताल से खेड़ा गांव की ओर जा रहे थे कि तभी हमलावरों ने उन्हें रोककर उन पर करीब से गोलियां चलाईं। पुलिस के मुताबिक, सिंह को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि अपराधी सिंह की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद घरिंदा थाने की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और टीम सबूत जुटाने व हमलावरों की पहचान करने के लिए इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
