जिस घर में बजनी थी शहनाई, वहां छाया मातम… चंडीगढ़ में युवक की किडनैपिंग के बाद बेरहमी से हत्या, दो महीने बाद थी शादी
भाई की मौत का बदला लेने की रंजिश में तीन-चार युवकों ने दिनदहाड़े हल्लोमाजरा से एक युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। आरोपित युवक को पहले जीरकपुर ले गए, जहां रास्ते में उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे डेराबस्सी ले जाकर सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
मृतक की पहचान सेक्टर-20 निवासी सुशील उर्फ साहिल (25) के रूप में हुई है। शुक्रवार शव डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में मिलने के बाद उसे सेक्टर-32 जीएमसीएच की मोर्चरी में शिफ्ट किया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया जाएगा।
इस मामले में थाना सेक्टर-31 पुलिस ने पहले पीड़ित के रिश्तेदार दीप कॉम्प्लेक्स , हल्लोमाजरा निवासी विजय कुमार (41) के बयान पर जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी निवासी अनिल व उसके तीन साथियों के खिलाफ किडनैपिंग का केस दर्ज किया था। शुक्रवार दोपहर पुलिस को डेराबस्सी अस्पताल से सूचना मिली कि मोर्चरी में एक शव रखा है। जब स्वजन वहां पहुंचे तो शव की पहचान सुशील उर्फ साहिल के रूप में हुई।
नवंबर 2025 में जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी निवासी अनिल के भाई का जन्मदिन था। पार्टी के दौरान शराब पीने के बाद कुछ युवकों ने सुशील से उसकी नई गाड़ी चलाने की जिद की। विवाद बढ़ने पर सुशील वहां से निकलने लगा।
इसी दौरान जन्मदिन मनाने वाला युवक अचानक गाड़ी के आगे आ गया और गाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। इसी घटना को लेकर अनिल और उसके साथियों ने सुशील से बदला लेने की ठान ली थी।
परिजनों ने बताया कि सुशील की सगाई हो चुकी थी और करीब दो महीने बाद शादी होने वाली थी। लेकिन हत्या की खबर से घर में मातम पसर गया। सुशील के माता-पिता और बहन की पहले ही मौत हो चुकी है। वह सेक्टर-20 स्थित सरकारी मकान में अपने भाई और भाभी के साथ रहता था और टैक्सी चलाकर परिवार का गुजारा करता था। फिलहाल पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जीरकपुर व आसपास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही है।
