पंचकूला के मोरनी हिल्स में स्कूली बच्चों से भरी बस हादसे का शिकार, कई घायल
पंचकूला के पर्यटन स्थल मोरनी हिल्स में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। यह बस हरियाणा के महेंद्रगढ़ और नारनौल क्षेत्र से आए बच्चों को लेकर एडवेंचर गतिविधियों के लिए मोरनी पहुंची थी और वापसी के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय बच्चे मोरनी से पिंजौर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी रास्ते में अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पहाड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और बच्चों के अनुसार, बस अचानक अनियंत्रित हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, हादसे के पीछे की सटीक वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बस चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
