रांची जा रहे इंडिगो विमान से टकराया पक्षी, यात्रियों में मचा हड़कंप, पायलट ने कराई इमरजेंसी लैंडिंग

झारखंड की राजधानी रांची के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट से एक पक्षी टकरा गया। इसकी वजह से फ्लाइट की आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में सवार सभी 175 यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना उस समय हुई जब फ्लाइट- 6E 6152 रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर रही थी। पक्षी विमान के अगले हिस्से (नोज सेक्शन) से टकरा गया। इसके बाद पायलट ने विमान को सुरक्षित तरीके से रनवे पर उतार लिया। बर्ड हिट की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम मौके पर पहुंची। तकनीकी टीम विमान की जांच कर रही है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि विमान को कोई बड़ा नुकसान तो नहीं हुआ है। जब तक पूरी जांच नहीं हो जाती, तब तक विमान को उड़ान की अनुमति नहीं होगी।