यूके में बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन; PM कीर स्टारमर बोले- ‘बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं’
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने सोमवार को एक बड़ा और कड़ा फैसला सुनाते हुए देश में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया का उपयोग पूरी तरह बैन करने की घोषणा की है। इस कदम के साथ ही ब्रिटेन दुनिया का चौथा ऐसा देश बन गया है जिसने बच्चों की सुरक्षा के लिए इस तरह के कड़े प्रतिबंध लागू किए हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया और मलेशिया ने भी इसी तरह की पाबंदियां लगाई हैं।
पीएम स्टारमर ने इस बैन के पीछे की मुख्य वजह बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और विकास को बताया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि वे बच्चों को घंटों तक अपनी ओर खींचकर रखते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई, नींद और दोस्तों के साथ बिताए जाने वाले समय पर बुरा असर पड़ रहा है।
स्टारमर ने साफ कहा, “सोशल मीडिया बच्चों को नाखुश बना रहा है, और मैं अपने बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहता।”
सरकार केवल सोशल मीडिया तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर एक व्यापक ओवरहाल की योजना बना रही है। पीएम ने बताया कि आने वाले समय में गेमिंग सर्विसेज, लाइव-स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स और उन डिजिटल स्पेस को भी निशाना बनाया जाएगा, जहाँ अजनबियों का बच्चों से संपर्क करना आसान है। सरकार का उद्देश्य एक ऐसा डिजिटल माहौल तैयार करना है जहाँ युवा उपयोगकर्ता सुरक्षित रह सकें।
