पंचकूला में 1 जून से 10 जुलाई तक चलेगा HSVP का बड़ा एंटी एनक्रोचमेंट अभियान, कई सेक्टरों में हटेंगे अवैध कब्जे
पंचकूला, 1 जून। पंचकूला प्रशासन और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने शहर में अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। 1 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस विशेष एंटी एनक्रोचमेंट ड्राइव के तहत पंचकूला और पिंजौर के 20 से अधिक सेक्टरों में सरकारी जमीन, रोड बर्म और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा।
इस संबंध में एस्टेट ऑफिसर, HSVP पंचकूला द्वारा डिप्टी कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस पंचकूला को आधिकारिक पत्र जारी कर अभियान का पूरा कार्यक्रम भेजा गया है। वहीं जिला मजिस्ट्रेट पंचकूला ने भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष आदेश जारी करते हुए विभिन्न अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
कई चरणों में चलेगा अभियान
HSVP की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अभियान अलग-अलग चरणों में चलाया जाएगा। पहले चरण में 1 जून से 5 जून तक सेक्टर-8, 9, 10 और 11 में कार्रवाई होगी। इसके बाद 8 जून से 12 जून तक सेक्टर-23, 25, 26, 27, 28 और 31 में अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलेगा।
तीसरे चरण में 15 जून, 16 जून, 18 जून और 19 जून को सेक्टर-12, 12ए, 15, 16 और 17 में अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके बाद 22 जून से 26 जून तक सेक्टर-2, 4, 6 और 7 में अभियान चलाया जाएगा।
अगले चरण में 30 जून और 3 जुलाई को सेक्टर-19, 20 और 21 में कार्रवाई होगी। अंतिम चरण में 6 जुलाई से 10 जुलाई तक एमडीसी क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों में विशेष अभियान चलाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
दस्तावेजों के अनुसार यह अभियान पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चल रहे मामले “सुनील सिंह बनाम स्टेट ऑफ हरियाणा एवं अन्य” से जुड़ा हुआ है। प्रशासन ने कोर्ट में चल रही सुनवाई के बाद कार्रवाई तेज करते हुए विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने इस अभियान को संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस पंचकूला को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक अभियान के दौरान 50 पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इनमें 30 पुरुष और 20 महिला पुलिसकर्मी शामिल रहेंगे।
साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों को भी मौके पर मौजूद रहने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस बल सुबह 9 बजे से एस्टेट ऑफिसर, HSVP सेक्टर-6 कार्यालय से अभियान टीम के साथ रवाना होगा।
जिला मजिस्ट्रेट पंचकूला की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धाराओं 16(1) और 17(ii) के तहत कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
इनमें HSVP के कई एसडीई अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही एसडीएम पंचकूला और कालका को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी का जिम्मा दिया गया है।
अभियान के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सामान्य अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला से एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इसके अलावा HSVP इंजीनियरिंग विंग को 2 जेसीबी मशीनें और ट्रैक्टर-ट्रॉली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवर्तन शाखा, इलेक्ट्रिकल और हॉर्टिकल्चर विभाग के कर्मचारियों को भी मौके पर उपस्थित रहने को कहा गया है।
डिप्टी कमिश्नर कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिन जमीनों पर किसी सक्षम अदालत या प्राधिकरण का स्थगन आदेश नहीं होगा, वहां अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माण यातायात व्यवस्था और शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहे हैं, इसलिए यह अभियान जरूरी है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
