छेड़छाड़ से परेशान 12वीं की छात्रा ने लगाया फंदा, सुसाइड नोट में बयां किया युवक का खौफ

0

हरियाणा के गुरुग्राम (खोह गांव) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ट्यूशन पढ़ने जाने वाली 12वीं कक्षा की एक 17 वर्षीय छात्रा ने युवक की प्रताड़ना से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। पुलिस को छात्रा के स्कूल बैग से दो पन्नों का भावुक सुसाइड नोट और मोबाइल में कुछ संदिग्ध व्हाट्सएप चैट मिली हैं।

मृतक छात्रा की पहचान प्रिशा कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली थी। प्रिशा के पिता राशन की दुकान चलाते हैं और मां एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। दोपहर करीब 1:30 बजे जब पिता खाना खाने घर पहुंचे, तो बेटी का शव फंदे से लटका देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

पुलिस को मिले दो पन्नों के सुसाइड नोट में छात्रा का दर्द साफ झलकता है। उसने लिखा कि “कुछ समझ नहीं आ रहा है कि क्या करूं, सबकी नजरों में गलत बन चुकी हूं। कोई भी नहीं समझ रहा। कभी नहीं चाहती कि आपको रुलाऊं या बुरा फील कराऊं।” नोट के अंत में छात्रा ने 17 बार ‘सॉरी’ लिखकर अपनी बेबसी जाहिर की है। सुसाइड नोट की 16वीं लाइन में उसने एक युवक का जिक्र किया है जो उसे लगातार परेशान कर रहा था और धमकियां दे रहा था।

छात्रा के मोबाइल की जांच में कुछ व्हाट्सएप चैट भी सामने आई हैं। इन चैट्स में दो युवक आपस में मृतका को लेकर बात कर रहे हैं। पुलिस अब उन नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगाल रही है ताकि आरोपी युवक तक पहुंचा जा सके।

पिता संतोष प्रसाद ने बताया कि प्रिशा पढ़ने में बहुत होशियार थी। उसने 10वीं में 60% से अधिक अंक प्राप्त किए थे और वह अपनी क्लास की टॉपर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी हंसती-खेलती बेटी को उस युवक ने मानसिक रूप से इतना तोड़ दिया कि उसने अपनी जान दे दी। परिजनों का यह भी कहना है कि वे पुलिस की अब तक की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं।

गुरुग्राम पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। मोबाइल चैटिंग के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान की जा रही है। परिजनों और स्कूल के दोस्तों के बयान दर्ज किए गए हैं।  यह घटना ऑनलाइन और ऑफलाइन सुरक्षा को लेकर फिर से गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर