पंजाब में पाकिस्तान समर्थित तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार; भारी मात्रा में नशा और हथियार जब्त
पंजाब में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान समर्थित तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही भारी मात्रा में नशा और अवैध हथियार बरामद किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक संगठित तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह सीमा पार पाकिस्तान से संचालित हो रहा था। इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 915 ग्राम आईसीई यानी मेथामफेटामाइन, पांच पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस बात की जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और ड्रग्स तथा अवैध हथियारों के वितरण के लिए स्थानीय हैंडलर के रूप में काम कर रहे थे।
इस मामले में अमृतसर के गेट हकीमा थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का लक्ष्य है कि इस गिरोह से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचकर इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाए।
