ज़ीरकपुर के ढकोली में बड़ा हादसा टला, महिला की बेकाबू कार शोरूम में घुसी, बाल-बाल बचे लोग

0

ज़ीरकपुर के ढकोली क्षेत्र में स्थित सुशमा कैपिटल कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में रविवार शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब एक महिला की कार अचानक बेकाबू होकर लोअर ग्राउंड में बने एक शोरूम में घुस गई। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, ढकोली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला अपनी कार गेट नंबर-2 से कॉम्प्लेक्स में लेकर आई और पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर खरीदारी करने चली गई। बताया जा रहा है कि कार गियर में ही छोड़ी गई थी और हैंड ब्रेक भी सही तरीके से नहीं लगाया गया था। कुछ समय बाद जब महिला वापस आई और कार स्टार्ट की, तो गाड़ी अचानक झटके के साथ आगे बढ़ गई और नियंत्रण से बाहर होकर सीधे लोअर ग्राउंड की ओर चली गई।

 

तेज रफ्तार से बेकाबू हुई कार ने नीचे बने एक शोरूम का बड़ा शीशा तोड़ दिया और अंदर जा घुसी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए। गनीमत यह रही कि उस समय बेसमेंट में कोई ग्राहक या राहगीर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के दौरान कार चला रही महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया।

 

सूचना मिलते ही ज़ीरकपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो जाने और कार मालिक महिला द्वारा नुकसान की भरपाई करने की सहमति देने के चलते मामले की कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई।

 

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *