हरियाणा में फिर बदला मौसम, सुबह ठिठुरन और दोपहर में तपन; अगले सप्ताह तक नहीं होगी बारिश

0

अप्रैल माह का दूसरा सप्ताह शुरू हो चुका है। लेकिन जिले में अभी भी सुबह और रात के समय फरवरी जैसा तापमान बना हुआ है जबकि दोपहर में गर्मी का एहसास शुरू हो गया है। लिहाजा जिले में मौसम ने दो अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं।

सुबह-शाम जहां ठंडक अब भी लोगों को स्वेटर या इनर पहनने पर मजबूर कर रही है, वहीं दोपहर में सूरज की तपिश गर्मी का अहसास कराने लगी है। इस बदलते मिजाज ने आमजन की दिनचर्या से लेकर स्वास्थ्य तक पर असर डालना शुरू कर दिया है।

शुक्रवार सुबह का नजारा कुछ ऐसा रहा कि बिना गरम कपड़ों के बाइक पर निकलना मुश्किल हो गया। हल्की ठंडी हवा ने लोगों को सर्दियों की याद दिला दी। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, तापमान तेजी से बढ़ा और दोपहर तक पारा 30.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बावजूद इसके यह सामान्य से करीब तीन डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री नीचे है।

मौसम के इस उतार-चढ़ाव का सबसे ज्यादा असर आम लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। सुबह-शाम की ठंड और दोपहर की गर्मी के कारण सर्दी-जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। डाक्टर भी लोगों को सतर्क रहने और मौसम के अनुसार कपड़े पहनने की सलाह दे रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत की बात यह है कि अगले एक सप्ताह तक वर्षा की संभावना नहीं है। आसमान अधिकतर साफ रहेगा और बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम का सबसे बड़ा फायदा किसानों को मिल रहा है। गेहूं की फसल पक कर तैयार है और कटाई का काम तेजी पकड़ रहा है। वर्षा की आशंका न होने से किसान निश्चिंत होकर खेतों में जुटे हुए हैं और फसल को सुरक्षित निकालने में लगे हैं। नमी के स्तर में भी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह 54 प्रतिशत और शाम को यह घटकर 34 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे दिन में सूखी गर्मी का असर बढ़ रहा है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *