जानकारी के अनुसार, 10 से 12 श्रद्धालुओं को यमुना से बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन फिलहाल वे बेहोश हैं। वहीं, 10 श्रद्धालु अभी भी लापता बताए जा रहे हैं जिनकी तलाश जारी है। इस हादसे के बाद जगरांव में श्रद्धालुओं के परिवारों के अलावा पूरे इलाके में लोग बेहद चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, जगरांव के श्री बांके बिहारी क्लब के नेतृत्व में भजन गायक लवी वहिल और यशू बजाज श्रद्धालुओं की दो बसों के साथ वृंदावन की चार दिवसीय धार्मिक यात्रा पर निकले थे। शुक्रवार सुबह वृंदावन पहुंचे और श्री बांके बिहारी के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु यमुना पार स्थित पवित्र मंदिरों के दर्शन के लिए जा नाव में सवार होकर जा रहे थे। नाव के रवाना होने के कुछ समय बाद ही उसका संतुलन बिगड़ गया और नाव यमुना नदी में पलट गई।
बताया जा रहा है कि यह हादसा नदी में बह रहे पीपों से नाव के टकराने के कारण हुआ। दरअसल, वहां पीपों का पुल बनाया गया था, लेकिन नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण पीपे खोल दिए गए थे। ये पीपे नदी में इधर-उधर तैर रहे थे, जो इस हादसे का कारण बने।
सीएम मान ने जताया दुख
वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मथुरा के पास यमुना नदी में नाव पलटने से हुई इस घटना से बहुत दुख के साथ सूचित किया जाता है कि कुछ तीर्थयात्रियों की डूबने से मृत्यु हो गई है। मैं उत्तर प्रदेश सरकार के संपर्क में हूं। बाकी विवरण बाद में जारी किया जाएगा।