नोरा के ‘सरके चुनर’ गाने पर भड़कीं कंगना रनौत: बोलीं- ‘अश्लीलता की हदें पार! बॉलीवुड पर लगाम लगानी पड़ेगी’
कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ हाल ही में रिलीज हुआ था जिसको को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए हैं, जिसके बोल और विजुअल्स को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हो रही है। लोगों ने इसे अश्लील करार दिया जिसके बाद गाना यूट्यूब से हटा दिया गया है। अब इस मामले पर बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए कंगना रनौत ने बॉलीवुड पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अश्लीलता और सस्ती पब्लिसिटी के लिए फिल्म इंडस्ट्री ने सारी हदें पार कर दी हैं। कंगना ने कहा- “बॉलीवुड ने अश्लीलता, हथकंडों और ध्यान खींचने के मामले में सारी हदें पार कर दी हैं। पूरा देश उनकी निंदा और आलोचना कर रहा है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि उन्हें कोई शर्म है… ऐसी अश्लीलता और अभद्रता के प्रदर्शन पर और भी सख्ती बरतने की जरूरत है… मुझे लगता है कि बॉलीवुड पर कड़ी लगाम लगानी पड़ेगी।”
फिल्म KD: The Devil के इस गाने में नोरा फतेही का डांस और कुछ स्टेप्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। खासकर एक हुक स्टेप, जिसमें वह अपने पल्लू के साथ खेलती नजर आती हैं, चर्चा का केंद्र बन गया। जहां कुछ लोगों ने गाने को एंटरटेनिंग बताया, वहीं बड़ी संख्या में दर्शकों ने इसे ‘ओवरली प्रॉवोकेटिव’ और ‘अश्लील’ करार दिया।
लगातार बढ़ते विरोध के बाद मेकर्स ने इस गाने के हिंदी वर्जन को यूट्यूब से हटा दिया है। बताया जा रहा है कि विवाद को शांत करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
‘KD: The Devil’ एक कन्नड़ पीरियड एक्शन फिल्म है, जिसे प्रेम ने डायरेक्ट किया है। फिल्म 1970 के दशक के बेंगलुरु पर आधारित है और एक छोटे अपराधी के गैंगस्टर बनने की कहानी को दिखाती है।
