पानीपत में होली पर भैंस को जबरन शराब पिलाने वाले लोगों पर FIR, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

0

हरियाणा के पानीपत में होली पर भैंस को जबरन शराब पिलाने वाले लोगों पर पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। इसराना पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसराना पुलिस थाने के SHO ने बताया कि पशु अधिकार संगठन PETA इंडिया ने मामले की शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ईशानी राठी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 173(1) के तहत केस दर्ज करने की मांग की थी।

शिकायतकर्ता ईशानी राठी की तरफ से पुलिस थाने में दी गई शिकायत के मुताबिक,  25 मार्च 2024 को इंस्टाग्राम अकाउंट @khokhar_kartik पर प्रकाशित एक वीडियो की सूचना दी गई है। यह घटना कथित रूप से गांव नौलथा, जिला पानीपत, हरियाणा में हुई। वीडियो में होली का जश्न मनाती हुई भीड़ दिखाई दे रही है, जिसमें ट्रैक्टर, बैलगाड़ी और भैंसा गाडी पर सवार लोग शामिल हैं। पहले वीडियो में दिखाई देत रहा है कि दो लोग एक भैंसे का मुंह पकड़ते हैं और एक अन्य व्यक्ति जबरन भैंस के मुंह में शराब डालता हुआ दिखाई दे रहा है।

वीडियो में दिख रहा है कि भैंस डरी हुई है। भैंस की नाक रस्सी से कसी हुई है। गाड़ी के सामने बैठा व्यक्ति एक लंबी छड़ी पकड़े हुए दिखाई दे रहा है, जिसका कथित रूप से उपयोग पशु को मारने और उसे तेज चलाने के लिए नियंत्रित करने में किया जाता है। इसके अतिरिक्त, पशु के शरीर पर लगाए गए रासायनिक रंग जलन पैदा कर सकते हैं और गंभीर संक्रमण का कारण बन सकते हैं।

शिकायतकर्ता ने बताया कि दूसरे वीडियो में और भी भैंसे गाड़ियां खीचते हुए दिखाई दे रही हैं। जिन पर कई लोग बैठे हैं और उनके आसपास बड़ी संख्या में नशे में धुत लोग होली खेलते हुए दिखाई देते हैं। शिकायतकर्ता ने वीडियो को एक पेन ड्राइव में करके पुलिस को दिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि किसी पशु को जानबूझकर शराब पिलाना जहर देने या हानि पहुंचाने के समान है, क्योंकि शराब पशुओं के लिए विषैली होती है। शराब की थोड़ी सी मात्रा भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न कर सकती है। इसलिए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *