बोलीविया में नोटों से भरा विमान दुर्घटना का हुआ शिकार, 15 लोगों की मौत, जानें पूरा मामला

0

दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार (27 फरवरी) को बड़ा हादसा हो गया. राजधानी ला पाज के पास स्थित एल अल्टो शहर में बोलीविया एयरफोर्स का हरक्यूलिस सी 130 विमान दुर्घटना का शिकार हो गया. इस हादसे में 15 लोग मारे गए और कम से कम 30 अन्य घायल हो गए. घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

ABC न्यूज के मुताबिक, यह हादसा शाम करीब 6 बजे स्थानीय समय पर हुआ. बताया जा रहा है कि विमान लैंडिंग या टेक ऑफ के दौरान रनवे से फिसल गया. इसके बाद वह एयरपोर्ट की बाउंड्री मेश तोड़ते हुए सड़क पर जा गिरा. विमान कई कारों और दूसरे वाहनों से टकरा गया. टक्कर इतनी तेज थी कि कई वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए. दमकल प्रमुख पावेल टोवर ने यह स्पष्ट नहीं किया कि मृतक विमान में थे या शहर के हवाई अड्डे के पास राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त कारों में थे.

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह विमान नए बैंक नोट देश के अलग अलग हिस्सों में पहुंचाने जा रहा था. हादसे के बाद सड़क पर नोट बिखर गए. मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सैन्य विमान ने इससे पहले सांता क्रूज़ शहर से उड़ान भरी थी और एल ऑल्टो में रनवे से फिसलकर पास की एक सड़क पर उतरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

स्थानीय मीडिया आउटलेट यूनिटेल ने बोलिवियाई रक्षा मंत्रालय का हवाला देते हुए कहा कि विमान देश के आंतरिक हिस्सों में मुद्रा ले जा रहा था.  राष्ट्रीय एयरलाइन बोलिवियाना डी एविएशन ने एक बयान में कहा कि दुर्घटना के बाद एल अल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, और यह भी बताया कि दुर्घटना में शामिल विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *