पांच हजार सरकारी स्कूलों को मिलेंगे 38 हजार नए कंप्यूटर, योजना पर खर्च होंगे 400 करोड़

0

पंजाब के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए अहम फैसला लिया गया है। शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि सरकार 400 करोड़ रुपये की लागत से 38,649 नए कंप्यूटर 5012 स्कूलों में भेज रही है। कई स्कूलों में बड़ी स्क्रीन भी लगाई जा चुकी हैं और आकर्षक डिजिटल पैनल स्थापित किए जा रहे हैं।

3600 से अधिक स्कूलों में आधुनिक स्क्रीन लगाई जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि कंप्यूटर वितरण की शुरुआत जिला संगरूर और रोपड़ से की जा रही है। 11 जिलों में यह प्रक्रिया 27 फरवरी से 9 मार्च तक, चार जिलों में 6 मार्च से 11 मार्च तक और छह जिलों में 6 मार्च से 20 मार्च तक पूरी की जाएगी। 20 मार्च तक सभी जिलों में कंप्यूटर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित प्रोग्राम भी शुरू किए जाएंगे, जिसका औपचारिक ऐलान जल्द होगा। साथ ही एडवांस कोर्स और ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा भी शुरू की जा रही है। स्कूल ऑफ एमिनेंस और मेरिटोरियस स्कूलों के विद्यार्थियों को देश के शीर्ष कोचिंग संस्थानों से जोड़ने की योजना है।

उन्होंने निर्देश दिए कि जब स्कूलों में कंप्यूटर पहुंचें तो पंचायत और स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाए। बच्चों से ही कंप्यूटर की अनबॉक्सिंग करवाई जाएगी, ताकि उनमें आत्मविश्वास बढ़े और सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके।

मंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जुड़ने में मदद मिलेगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *