पंजाब सरकार की बड़ी कार्रवाई, SHO समेत पुलिस अफसर को किया सस्पैंड, जाने वजह

0

पंजाब सरकार ने कानून व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले पुलिस के दो बड़े अफसरों को सस्पैंड  कर दिया है। सरकार ने एक डीएसपी (DSP) और पुलिस थाने के SHO को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। यह कार्रवाई तरनतारन (Trantaran) में सरपंच की हत्या के बाद की गई।

आपको बता दें कि पंजाब (Punjab) के तरनतारन (Trantaran) जिले में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के एक सरपंच की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात बुधवार (18 फरवरी) दोपहर करीब ढाई बजे एक शादी समारोह के दौरान हुई, जहां हमलावर बराती बनकर पहुंचे थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान हरबिंदर सिंह (45) के रूप में हुई है, जो गांव ठठियां महंतां के सरपंच थे। जानकारी के अनुसार सिद्धू फार्म में उनके चचेरे भाई की शादी का समारोह चल रहा था। शादी में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, दोस्त और गांव के लोग शामिल हुए थे। माहौल पूरी तरह खुशी का था और स्टेज पर डांस कार्यक्रम चल रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हरबिंदर सिंह भी अपने दोस्तों के साथ स्टेज पर डांस कर रहे थे। डांस के बाद वे स्टेज के पास रखे सोफे पर बैठ गए। इसी दौरान भीड़ में शामिल एक युवक अचानक आगे आया और बेहद नजदीक से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावर ने उनके पेट और सिर में कुल चार गोलियां मारीं। गोली लगते ही हरबिंदर सिंह वहीं गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इस अचानक हुई फायरिंग से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। मौके का फायदा उठाकर हमलावर भागने लगे। इसी बीच हरबिंदर सिंह के चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने साहस दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी गोली चला दी। गोली जर्मनजीत के पैर में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार हमलावरों की संख्या दो से तीन बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उनमें से एक के पास एके-47 जैसा अत्याधुनिक हथियार था, जिससे दहशत और बढ़ गई। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल बरामद कर लिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या राजनीतिक कारणों की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इस मामले में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए गौरव यादव, डीजीपी पंजाब, ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने पट्टी के डीएसपी जगबीर सिंह और सरहाली थाने के एसएचओ गुरविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और राजनीतिक कार्यकर्ता अस्पताल और घटना स्थल पर एकत्र हो गए। पंजाब सरकार के मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर भी अस्पताल पहुंचे और घायल जर्मनजीत सिंह का हालचाल जाना। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।

हरबिंदर सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनके एक बेटे की उम्र 8 वर्ष और दूसरे की 11 वर्ष है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव ठठियां महंतां में शोक की लहर है और लोगों ने इस वारदात की कड़ी निंदा की है।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर