राजरेबिंदर सिंह भांगर निवासी फरीदकोट द्वारा 3 नवंबर 2025 को मोगा एसएसपी को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि मोगा के गांव दुनेके निवासी लवप्रीत कौर, उसके पिता लखवीर सिंह, भाई मनप्रीत सिंह और माता गुरविंदर कौर ने कथित रूप से लखवीर सिंह (पिता) का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कर बैंक और इमीग्रेशन विभाग को गुमराह किया है। लवप्रीत कौर ने लगभग 35 लाख रुपये के स्टडी लोन के लिए आवेदन किया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार लवप्रीत कौर विदेश में पढ़ाई के लिए लोन लेना चाहती थी। उसने एक प्राइवेट कंपनी के माध्यम से लगभग 35 लाख रुपये के स्टडी लोन लेना चाहा, जिसमें उसकी माता गुरविंदर कौर सह-आवेदक थी। आवेदन में यह दर्शाया गया कि उसके पिता लखवीर सिंह की मौत हो चुकी है, जबकि वास्तव में लखवीर सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं और थाना बाघापुराना (मोगा) में तैनात बताए हैं। लोन आवेदन के साथ जो मृत्यु प्रमाणपत्र लगाया गया, उसका पंजीकरण नंबर सरकारी रिकॉर्ड में उपलब्ध नहीं है। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जांच करने पर पाया गया कि उक्त दस्तावेज किसी अन्य महिला (सुरिंदर कौर) के नाम से जारी प्रमाणपत्र के हैं, जिससे दस्तावेज के फर्जी होने की आशंका जताई गई।
जांच में यह खुलासा हुआ है कि लखवीर सिंह का बेटा (लवप्रीत का भाई) मनप्रीत सिंह भी पंजाब पुलिस में तैनात था, लेकिन साल 2023 में वह बिना विभाग को बताए अवैध तरीके से विदेश चला गया। इसके बाद विभाग ने उसकी सेवाएं समाप्त कर दी थी। अब यह परिवार इस धोखाधड़ी के पैसे के दम पर लवप्रीत कौर को भी विदेश भेजने की तैयारी में था।
पुलिस जांच में सामने आया कि लवप्रीत कौर ने विदेश (यूके) में पढ़ाई के लिए वीजा और लोन प्रक्रिया शुरू की थी। उसने अपने दस्तावेज पहले एक इमीग्रेशन एजेंसी को दिए। बाद में लोन प्रक्रिया के लिए अन्य एजेंटों के माध्यम से दस्तावेज आगे भेजे गए। कथित फर्जी डेथ सर्टिफिकेट भी उसी प्रक्रिया में जमा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि लोन आवेदन स्वीकृत नहीं हुआ। लखवीर सिंह को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए।
लवप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि कुछ एजेंटों ने उसके दस्तावेजों और फोटो का इस्तेमाल कर उसकी जानकारी के बिना लोन आवेदन किया और पिता का डेथ सर्टिफिकेट भी तैयार किया। हालांकि लवप्रीत अपने इन दावों को लेकर कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाई। इस आधार पर पुलिस ने युवती के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी का कहना मामले की जांच की जा रही है कि इनके साथ और भी कोई शामिल है।