ऑपरेशन प्रहार-2 शुरू; 72 घंटे गैंगस्टर-ड्रग नेटवर्क पर कार्रवाई करेगी पंजाब पुलिस; कमिश्नर-एसएसपी उतरेंगे फील्ड में
पंजाब पुलिस ने अपराध और नशे के खिलाफ एक बार फिर बड़े स्तर पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के दूसरे चरण की शुरुआत को लेकर डीजीपी गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह ऑपरेशन लगातार 72 घंटे तक चलेगा, जिसमें राज्यभर में सक्रिय गैंगस्टर्स, ड्रग सप्लायर्स, हवाला ऑपरेटर्स और वॉन्टेड अपराधियों को निशाने पर लिया जाएगा।
डीजीपी गौरव यादव ने साफ कहा कि पंजाब में अपराध के लिए अब जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी ने बताया कि अब तक पंजाब में करीब 75 हजार हेरोइन डिलीवरी नेटवर्क का खुलासा किया जा चुका है और लगभग 150 किलो हेरोइन बरामद की गई है।
इन मामलों में करीब 45 हजार केस दर्ज हुए हैं, जिनमें से तीन हजार बड़े सप्लायर्स और हवाला ऑपरेटर्स को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई दिखाती है कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ कितनी गंभीर है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन प्रहार-2 की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस बार सीनियर अधिकारी खुद फील्ड में उतरेंगे। एसएसपी, डीआईजी और पुलिस कमिश्नर अपने-अपने जिलों में न सिर्फ निगरानी करेंगे, बल्कि खुद पेट्रोलिंग करेंगे, थानों की चेकिंग करेंगे और संवेदनशील इलाकों का दौरा करेंगे। गैर-जरूरी ड्यूटी से पुलिस बल को हटाकर कोर ड्यूटी यानी फील्ड पेट्रोलिंग और नाकाबंदी में लगाया जाएगा।
ऑपरेशन के दौरान हर जिले में फुली इक्विप्ड नाके लगाए जाएंगे और खासतौर पर टू-व्हीलर वाहनों की सघन जांच की जाएगी। किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर तुरंत उस इलाके को सील कर अपराधियों का पीछा किया जाएगा। इसके लिए पंजाब पुलिस ने एक विस्तृत एसओपी भी जारी की है, जिसमें यह तय किया गया है कि किसी भी घटना पर रिस्पॉन्स कैसे होगा और किस स्तर पर कौन अधिकारी जिम्मेदार रहेगा।
