पंजाब में तापमान बढ़ा, लेकिन धूप के साथ चलेंगी ठंडी हवाएं, जानें मौसम का ताजा हाल

0

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज अब बदल गया है. तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है. आज रविवार से 12 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है. इस दौरान मौसम पूरी तरह सूखा रहेगा. मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. दिन में धूप निकलेगी, हालांकि सतही ठंडी हवाएं चलती रहेंगी. कुछ स्थानों पर कोहरा रहने की संभावना है.

पिछले 24 घंटों में ज्यादातर इलाकों के तापमान में औसतन 0.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है. फरीदकोट में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दूसरी ओर, आदमपुर में घना कोहरा देखने को मिला, जहां विजिबिलिटी जीरो मीटर दर्ज की गई.

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है और यह सामान्य तापमान के करीब पहुंच गया है. राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 6.0 से 9.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है. चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा. लगभग 13 सालों बाद फरवरी में चंडीगढ़ में ऐसा तापमान दर्ज किया गया है. इससे पहले 6 फरवरी को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा था.

अन्य जिलों की बात करें तो अमृतसर में 6.3 डिग्री, लुधियाना में 8.4 डिग्री, पटियाला में 9.5 डिग्री, पठानकोट में 7.5 डिग्री, फरीदकोट में 6.0 डिग्री, एस.बी.एस. नगर में 7.3 डिग्री, फिरोजपुर में 7.0 डिग्री, मानसा में 9.1 डिग्री और रूपनगर में 8.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है.

मौसम विभाग के मुताबिक, साल 2022, 2023 और 2024 में फरवरी महीने में थोड़ी-बहुत बारिश हुई थी, लेकिन पंजाब और हरियाणा में बारिश सामान्य से कम ही रही थी. साल 2025 में भी लगभग 30 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई थी. इस साल अब तक 34 फीसदी की कमी देखी जा रही है. हालांकि यह सिर्फ शुरुआत है और आगे अच्छी बारिश के आसार कम हैं. पिछले छह सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो फरवरी महीना बारिश के हिसाब से खास अच्छा नहीं रहेगा.

मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस जो पहले ईरान और अफगानिस्तान के पास बना हुआ था, अब उत्तर अफगानिस्तान के आसपास पहुंच गया है. यह समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर सक्रिय है. इसके साथ ऊपरी हवाओं में एक सिस्टम भी बना हुआ है, जो लगभग 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके अलावा, 08 फरवरी 2026 की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है.

मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया कि अगले सात दिनों तक मौसम सूखा रहने की संभावना है. अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. अगले तीन दिनों में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है. साथ ही, कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे की छाया रह सकती है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *