चंडीगढ़ में पार्षद सुमन शर्मा की जेठानी की गिरफ्तारी के बाद सियासी बवाल, मनीमाजरा थाने में बीजेपी नेताओं ने जताया विरोध
शहर के वार्ड नंबर 4 की पार्षद सुमन शर्मा से जुड़ा मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप लेता जा रहा है. हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं पार्षद सुमन शर्मा की जेठानी की गिरफ्तारी के बाद चंडीगढ़ की राजनीति गरमा गई है. इस कार्रवाई को लेकर भाजपा नेताओं ने मनीमाजरा पुलिस स्टेशन में जमकर विरोध दर्ज कराया और इसे राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई बताया है.
कोमल शर्मा गिरफ्तार : जानकारी के अनुसार, मोहाली के सोहाना थाने में दर्ज एक मामले के आधार पर पंजाब पुलिस ने रविवार सुबह करीब छह बजे सुभाष नगर स्थित घर से कोमल शर्मा को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि गिरफ्तारी के समय घर के अन्य सदस्य सो रहे थे और परिवार को पहले से किसी तरह की कोई सूचना नहीं दी गई थी. कोमल शर्मा के पति सोनू शर्मा ने बताया कि जिस समय पुलिस पहुंची, वे सुबह की सैर पर गए हुए थे. उन्होंने कहा कि पुलिस टीम में वर्दीधारी और सिविल कपड़ों में मौजूद कर्मी शामिल थे, जो बिना कोई नोटिस दिए कोमल शर्मा को अपने साथ ले गए. परिवार का कहना है कि ये कार्रवाई अचानक की गई और उन्हें किसी तरह का मौका तक नहीं दिया गया.
दबाव बनाने का आरोप : इस गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मनीमाजरा थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए. भाजपा नेताओं का आरोप है कि पार्षद सुमन शर्मा के पार्टी बदलने के बाद उन पर और उनके परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है और इसी के तहत ये गिरफ्तारी की गई है. भाजपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा है कि अगर राजनीतिक दबाव में इस तरह की कार्रवाई होती रही, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी. वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
