एक दिसंबर से एनएचएम कर्मी करेंगे पेनडाउन हड़ताल
सरकारी अस्पतालों में एक दिसंबर से एनएचएम कर्मचारी पेनडाउन हड़ताल करेंगे। दो माह से वेतन न मिलने के कारण उनमें रोष है। एनएचएम कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि लंबित वेतन तुरंत जारी नहीं किया गया तो वे एक दिसंबर से पूरे पंजाब में पेनडाउन हड़ताल शुरू कर देंगे। यूनियन का कहना है कि वह इतने साल से विभाग में काम कर रहे हैं, लेकिन आज तक उनको पक्का नहीं किया गया। न ही उनको समय पर वेतन मिलता है। एनएचएम इंप्लाइज यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारी संदीप कौर, गुलशन शर्मा ने कहा कि वह कई बार स्वास्थ्य मंत्री और अधिकारियों से बैठकें कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। सीएम भगवंत मान ने चुनावों से पहले एनएचएम कर्मियों को रेगुलर करने का वादा किया था, लेकिन उनको पक्का नहीं किया गया। कर्मचारियों को न वेतन बढ़ोतरी मिली, न ही वित्तीय लाभ। 20 वर्षों से कर्मचारी बेहद कम वेतन में काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि पहले से ही कम वेतन पर काम कर रहे कर्मचारियों को दो महीनों से तनख़्वाह न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन नेताओं ने कहा कि उनका आंदोलन सरकार पर दबाव बनाने का तरीका नहीं, बल्कि मजबूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक रुका हुआ वेतन जारी नहीं होता उनका विरोध जारी रहेगा। यूनियन ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से लोगों को होने वाली असुविधा के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार होगी।
