‘AAP सरकार आतंकियों के पैसे से बनी सरकार है’, पंजाब BJP अध्यक्ष सुनील जाखड़ का बड़ा बयान

पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने पंजाब में आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने AAP की भगवंत मान सरकार को आतंकियों के पैसे से बनी हुई सरकार बताया। पंजाब के किसानों की जमीनों के अधिग्रहण पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार सस्ते दामों पर जमीन एक्वायर करके करोड़ों रुपये में बेचेगी, लेकिन अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनी तो कोई भी किसानों की जमीन को हाथ नहीं लगा पाएगा। सुनील जाखड़ ने AAP के मंत्री हरपाल चीमा और मुख्यमंत्री भगवंत मान को नसीहत दी कि ऐसे ही कहीं साइन न कर देना। इन्होंने तो दिल्ली चले जाना है, पंजाब के लोगों को जवाब आपको देना पड़ेगा।
बता दें कि आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले सुनील जाखड़ ने लुधियाना उपचुनाव के नतीजों पर भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के उम्मीदवार को साजिश के तहत हराया। कांग्रेस उम्मीदवार को हराने के लिए आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के एक सीनियर लीडर के साथ डील की थी। खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डील की थी। उपचुनाव हारने के बाद कांग्रेस को आलोचनाएं झेलनी पड़ीं, लेकिन कांग्रेस अपनी एक सीनियर लीडर के कारण उपचुनाव हारी है। बता दें कि लुधियाना पश्चिम सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 10000 से ज्यादा वोटों से हराया है।