Womens Day 2025: पंचकूला में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर स्टेट लेवल कार्यक्रम, 50 महिलाओं को सम्मानित करेंगे सीएम सैनी

International Women’s Day 2025: पंचकूला में आज 8 मार्च शनिवार को रेड बिशप होटल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्टेट लेवल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में सीएम सैनी महिलाओं के संघर्षों, उपलब्धियों और समाज में उनकी भूमिका को अवॉर्ड देकर सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में करीब 50 महिलाओं को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया जाएगा।
शांता रंगा को सुषमा स्वराज अवॉर्ड मिलेगा
इंदिरा गांधी महिला शक्ति अवॉर्ड से हिसार की रहने वाली बाला वर्मा और जींद की रेखा रानी धीमान को सम्मानित किया जाएगा। कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार हांसी की रहने वाली मीनू देवी को दिया जाएगा। लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से अंबाला की रहने वाली कमलेश अरोड़ा को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में करनाल की शांता रंगा को सुषमा स्वराज अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा, जिसमें 5 लाख रुपए की राशि भी दी जाएगी।
खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए भिवानी की सोनिका, जींद से कुसुम, झज्जर से मनु भाकर, फरीदाबाद से रिदम सांगवान, कुरुक्षेत्र से रमिता जिंदल, हिसार से अंतिम पंघाल, भिवानी से प्रीति पंवार, सिरसा से भजन कौर, चरखी दादरी से विनेश फोगाट, जींद से अंशु मलिक, रोहतक से रितिका हुड्डा, पानीपत से निशा दहिया, भिवानी से जैसमीन लंबोरिया, झज्जर से दीक्षा डागर, सोनीपत से किरण पहल, पंचकूला से रैजा ढिल्लों को सम्मानित किया जाएगा।
सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए रीता धीमान, बनारसी देवी, पूनम व डॉक्टर विनिता तोमर को सम्मानित किया जाएगा। महिला उद्यमी की कैटगरी में जींद की पिंकी देवी और गुरुग्राम से साक्षी को सम्मानित किया। इसके अलावा आंगनवाड़ी वर्कर्स और राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सम्मानित होने वाली बच्चियों को भी महिला दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।