केदारनाथ जाना होगा आसान, 9 घंटे का सफर 30 मिनट में होगा पूरा! रोप-वे प्रोजेक्ट को सरकार ने दी मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को राष्ट्रीय रोप-वे विकास कार्यक्रम – पर्वतमाला परियोजना के तहत उत्तराखंड में सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 12.9 किलोमीटर लंबी रोप-वे परियोजना के विकास को मंजूरी दे दी है। इससे केदारनाथ पहुंचना आसान हो जाएगा। इसके साथ ही एक अन्य परियोजना हेमकुंड रोप-वे के लिए भी कैबिनेट से मंजूरी मिली है। जिस दूरी को तय करने में 9 घंटे का समय लगता था, वहीं इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद सिर्फ आधे घंटे का समय लगेगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसके बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रोजेक्ट से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि जिस यात्रा में अभी 8-9 घंटे लगते हैं, वह घटकर 36 मिनट रह जाएगी। इस रोप-वे में एक बार में 36 लोगों के बैठने की क्षमता होगी।
इस परियोजना से हेमकुंड जाना भी आसान हो गया। हेमकुंड परियोजना के लिए 2730 करोड़ की मंजूरी मिली है। वहीं सोनप्रयाग से केदारनाथ के बीच भी रोप-वे बनाया जाएगा। इससे केदारनाथ पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। केदारनाथ रोप-वे परियोजना के लिए कैबिनेट ने 4081 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।