अयोध्या राम मंदिर के मुख्य पुजारी का निधन: आचार्य सत्येंद्र दास ने लखनऊ PGI में ली आखिरी सांस
![](https://ragazone.com/wp-content/uploads/2025/02/Acharya_Satyendra_Das_Death_1739334923-1024x576.webp)
उत्तर प्रदेश के अयोध्या से बड़ी खबर है। श्री राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का 85 साल की उम्र में निधन हो गया। बुधवार(12 फरवरी) सुबह 7 बजे लखनऊ PGI में उन्होंने आखिरी सांस ली। 3 फरवरी को ब्रेन हैमरेज के बाद उनको अयोध्या से लखनऊ रेफर किया गया था। आचार्य सत्येंद्र दास का पार्थिव शरीर अयोध्या लाया जाएगा। उनके आश्रम सत्य धाम गोपाल मंदिर में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। सत्येंद्र दास 32 साल से रामजन्मभूमि में बतौर मुख्य पुजारी सेवा दे रहे थे। 6 दिसंबर, 1992 को बाबरी विध्वंस के समय वे रामलला को गोद में लेकर भागे थे।
33 साल मंदिर की सेवा में बिताए
सत्येंद्र दास ने 33 साल भगवान रामलला की सेवा की। फरवरी 1992 में जब ‘विवादित जमीन’ की वजह से राम जन्मभूमि की जिम्मेदारी जिला प्रशासन के पास चली गई थी तो वहां पुराने पुजारी महंत लालदास को हटाए जाने की चर्चाएं होने लगीं। इस बीच 1 मार्च 1992 को बीजेपी सांसद विनय कटियार, विश्व हिंदू परिषद के नेता और VHP के तब के चीफ अशोक सिंघल की सहमति से सत्येंद्र दास की नियुक्ति हुई थी। 1992 में जब उनकी राम मंदिर में नियुक्ति हुई थी, तब उन्हें वेतन के रुपए में हर महीने 100 रुपए मिलते थे। 1018 तक सत्येंद्र दास का वेतन सिर्फ 12 हजार रुपए महीना था। 2019 में अयोध्या के कमिश्नर के निर्देश के बाद उनका वेतन 13 हजार कर दिया था।