पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन से शोक में B-टाउन: माधुरी, संजय दत्त, कपिल शर्मा समेत सितारों ने दी श्रद्धांजलि

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर की देर रात निधन हो गया। 92 साल की उम्र में उन्होंने नई दिल्ली के AIIMS अस्पताल में आंखिरी सांस ली। वह उम्र संबंधित बीमारी से जूझ रहे थे। डॉ. मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया, और देश के इतिहास पर एक अमिट छाप छोड़ी।
उनके निधन से पूरे देशभर में शोक की लहर है। दिग्गज राजनेताओं से लेकर फिल्मी हस्तियों तक, हर कोई उनके जाने से स्तब्ध है। माधुरी दीक्षित, संजय दत्त, मनोज बाजपेयी, कपिल शर्मा, रितेश देशमुख, सनी देओल समेत तमाम बॉलीवुड सितारों ने दिग्गज राजनेता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है।
अभिनेता संजय दत्त ने एक्स पर लिखा- डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से गहरा दुख हुआ। भारत के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पूर्व पीएम की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा- “डॉ. मनमोहन सिंह की देश के प्रति यात्रा और सेवा सच्ची बुद्धिमत्ता को दर्शाती है। उनका नेतृत्व हमें याद दिलाता है कि शांत दृढ़ संकल्प पहाड़ों जैसे कठिनाइयों को हिला सकता है। वह एक अद्भुत नेता और उससे भी ज्यादा बेहतरीन इंसान थे। उनके परिवार और अनगिनत प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. ओम शांति।”
सनी देओल ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पोस्ट में लिखा, डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुख हुआ। वह एक दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने भारत के आर्थिक उदारीकरण को आकार देने में सबसे अहम भूमिका निभाई। राष्ट्र के विकास में उनकी बुद्धिमत्ता, निष्ठा और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री के साथ अपनी मुलाकात की एक तस्वीर एक्स पर शेयर की है। उन्होंने लिखा- भारत ने आज अपने सबसे बेहतरीन नेताओं में से एक को खो दिया है। भारत के आर्थिक सुधारों के वास्तुकार और अखंडता और विनम्रता के प्रतीक डॉ. मनमोहन सिंह अपने पीछे प्रगति और आशा की विरासत छोड़ गए हैं। उनकी बुद्धिमत्ता, समर्पण और दूरदर्शिता ने हमारे देश को बदल दिया। आपकी आत्मा को शांति मिले। आपके योगदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा।