भाजपा का दिग्गज नेताओं को झटका: हरियाणा राज्यसभा सीट के लिए पंचकूला की रेखा शर्मा के नाम पर लगाई मोहर

राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा हाईकमान ने नाम तय कर दिया है। इस सीट पर राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेखा शर्मा को हरियाणा से राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha Elections) के लिए उम्मीदवार बनाया गया। भाजपा नेता रेखा शर्मा अगस्त 2018 से अगस्त 2024 तक महिला आयोग अध्यक्ष रही। इस दौरान वो कई बार बयानों को लेकर विवादों और चर्चा में भी रही हैं। हरियाणा में भाजपा नेता कृष्ण लाल पंवार के इस्तीफे के बाद राज्यसभा की सीट खाली हुई है, जिस पर 20 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर है।
राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली और सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल सहित अन्य नेता दावेदार माने जा रहे थे। दुग्गल अनुसूचित जाति का प्रमुख चेहरा हैं। अटकलें थी कि पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे और पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई का नाम भी राज्यसभा के लिए भेजा जा सकता है। बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को परिवार के गढ़ आदमपुर विधानसभा सीट से हार का सामना करना पड़ा था। अगस्त में राज्यसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में भी बिश्नोई दावेदार माने जा रहे थे लेकिन भाजपा ने कांग्रेस से पार्टी में आई किरण चौधरी को उम्मीदवार बनाने का काम किया था।
भाजपा की तरफ से राज्यसभा की एक सभा के लिए उम्मीदवार के नाम का ऐलान करने पर हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली (Mohan Lal Badauli) ने कहा कि हमारे संगठन का पर्व चला है। भाजपा हरियाणा परिवार के 30 लाख सदस्यों में से कोई भी राज्यसभा सांसद बन सकता है। पार्टी के लिए हर कार्यकर्ता एक समान है और सभी को समान दृष्टि से देखा जाता है। भाजपा किसी भी साधारण से व्यक्ति को उच्च पद पर लेकर जा सकती है। रेखा शर्मा को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने पर मोहन लाल बडौली ने उन्हें बधाई दी।