CM भगवंत मान को नहीं मिली पेरिस जाने की इजाजत, सुरक्षा बताई गई वजह!

पेरिस ओलंपिक 2024: मुख्यमंत्री भगवंत मान को पेरिस जाने के लिए केंद्र से मंजूरी नहीं मिली है. विदेश मंत्रालय ने पेरिस जाने की इजाजत देने से इनकार कर दिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय को शुक्रवार देर शाम सूचना मिली कि यात्रा की अनुमति नहीं मिली है. सीएम मान को ओलंपिक में भाग लेने वाली हॉकी टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए पेरिस जाना था. सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा कारणों से अनुमति नहीं दी गई है. सीएम को आज पेरिस जाना था.
मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम भगवंत मान 3 अगस्त की रात को पेरिस के लिए फ्लाइट पकड़ना चाहते थे ताकि वह भारतीय हॉकी टीम के मैच के लिए समय पर पहुंच सकें. उन्होंने कहा कि वह टीम का हौसला बढ़ाना चाहते हैं. वर्तमान में पेरिस में खेल रहे 22 खिलाड़ियों में से कम से कम 19 पंजाब से हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने लड़कों पर गर्व है और जानते हैं कि उनकी मौजूदगी से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा.
भारतीय पुरुष हॉकी टीम का प्रदर्शन
पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है. भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराकर 52 साल बाद ओलंपिक में ऐतिहासिक जीत हासिल की है। 1972 के बाद पहली बार भारत ने ओलंपिक खेलों में हॉकी में ऑस्ट्रेलिया को हराया है।
आठवें दिन मनु पर नजर
पेरिस ओलंपिक के आठवें दिन शनिवार को सभी की निगाहें मनु भाकर पर होंगी। मनु 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में चुनौती पेश करेंगी. इस बार भी उनसे पदक जीतने की उम्मीद है. मनु ने 2 मेडल जीते हैं और इस बार उनकी नजर मेडल की हैट्रिक पर है. इसी को ध्यान में रखकर वह लक्ष्य निर्धारित करेंगी.