भाजपा पर फिर बरसी कांग्रेस, प्रियंका गांधी बोलीं- पीएम की अदालत में नहीं होती गरीबों की सुनवाई
देश में चुनावी सरगर्मी का माहौल है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल जनता से वोट बटोरने में लगे हैं। आज एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिमी यूपी में जनसभा को संबोधित किया है तो कांग्रेस अपना चुनावी रथ लेकर राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंच गई है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने जयपुर में रैली का आयोजन किया। इस दौरान प्रियंका ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला है।
प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें गरीबों का संघर्ष और परेशानी कहीं नहीं दिखती। 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा बन्द कर दिया गया है। गरीब के लिए आगे का रास्ता बंद है। देश की संपत्ति बड़े उद्योगपतियों को सौंप कर उनके लोन माफ किए जाते हैं। आम जनता की जागरूकता पर भी भीषण प्रहार हुआ है।
https://x.com/AHindinews/status/1776521782339530961
कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि राजस्थान से राज्यसभा सदस्य बनने के बाद सोनिया जी पहली बार यहां आई हैं। कांग्रेस का न्याय पत्र घोषणाओं की सूची नहीं संघर्ष की आवाज है। बेरोजगारी 45 साल में सबसे अधिक है। बड़े बड़े वादे घोषणाएं की मगर एक भी पूरा नही किया। अग्निवीर लेकर आ गए। चुनाव से पहले गैस सिलेंडर पेट्रोल डीजल के दाम कम किए लेकिन इतने समय तक क्यों नहीं किया?
प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि किसान सड़क पर आंदोलन करते हैं और पीएम सुनवाई नहीं करते। हर चीज पर जीएसटी लगा है। असलियत पहचानने का वक्त आ गया है। 400 पार सुनाई देता है। मोदी जी कभी समंदर के नीचे तो कभी हवा में है। उन्हें जनता का संघर्ष नही दिख रहा है। सभी स्कीम बड़े बड़े उद्योगपतियों के लिए बनी है। गरीब , कमजोर मजदूर की सुनवाई नही है। भाजपा वाले बोलते भी नही हैं। हमने न्याय पत्र इन्ही की कहानियों को सुनकर बनाया है।
