डोम्बिवली में 4 मंजिला इमारत गिरी, 2 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के डोम्बिवली इलाके में शुक्रवार को 4 मंजिला रिहायशी इमारत गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला को मलबे से जिंदा निकाल लिया गया। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि प्राधिकारियों ने पहले ही इमारत को ‘जर्जर और खतरनाक’ घोषित किया हुआ था। ऐसे में देखा जाए तो नगर निकाय की चेतावनी के बावजूद इमारत में रहने की लापरवाही की कीमत 2 लोगों को जान देकर चुकानी पड़ी। अधिकारी ने बताया कि कल्याण डोम्बिवली नगर निगम (KDMC) के अधिकार क्षेत्र में आने वाले आयरे गांव में स्थित ‘आदिनारायण भवन’ शाम को ढह गया।
अधिकारी ने बताया कि इमारत में 44 मकान थे और इसका कुछ हिस्सा गिरने के बाद गुरुवार से ही इसे खाली कराया जा रहा था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजकर 40 मिनट पर इमारत गिर गयी और रेस्क्यू टीम ने कुछ समय बाद मलबे से 55 साल के सूरज बिरजा लोद्या का शव निकाला। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि रात करीब 09:15 बजे 54 वर्षीय दीप्ति सुनील लोद्या को मलबे से जीवित निकाला गया और उसे एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि बाद में मलबे से 70 साल के अरविंद भटकर नाम के एक शख्स का शव भी निकाला गया।