दूल्हे को घोड़ी पर बैठकर बारात ले जाने से रोका, महिलाओं से की छेड़छाड़, दबंगों के हौसले बुलंद

यूपी के आगरा में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। यहां दबंगों ने एक दूल्हे को घोड़ी पर बैठकर बारात ले जाने से रोक दिया और महिलाओं से भी छेड़छाड़ की। इस मामले की शिकायत करने के 4 दिनों बाद पुलिस जागी और उसने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। एसीपी सदर अर्चना सिंह ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी दी और बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर जांच के बाद अनुसूचित जाति-जनजाति कानून समेत भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
थाना सदर अंतर्गत सोहल्ला निवासी जाटव समाज की गीता की बेटी अंजना की बारात आई थी। गीता का आरोप है कि दूल्हा घोड़ी पर बैठकर बारात के साथ चल रहा था कि अचानक आरोपी शादी समारोह में घुस आए और महिलाओं से छेड़छाड़ करने लगे। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर आरोपियों ने बाराती और घराती पक्ष के लोगों को जमकर पीटा।