मनसा देवी मंदिर में नवरात्र पर बड़ा कदम, हरियाणा की पहली स्थायी टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का होगा उद्घाटन

0

धार्मिक और पर्यटन के नक्शे पर पंचकूला एक बड़ी मिसाल कायम करने जा रहा है। हरियाणा के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री माता मनसा देवी मंदिर में राज्य का पहला स्थायी ‘टूरिस्ट पुलिस पोस्ट’ स्थापित होने जा रहा है। मंदिर परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर बन रही इस विशेष पुलिस चौकी का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में है और आगामी नवरात्र के पहले दिन इसका औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।

यह पहल केवल किसी त्यौहार या वार्षिक मेले तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आम दिनों में भी एक पूर्णकालिक पुलिस थाने की तरह 24 घंटे लगातार क्रियाशील रहेगी।इस पुलिस पोस्ट की सबसे अनूठी विशेषता इसका लैंग्वेज-फ्रेंडली और अत्याधुनिक होना है। माता मनसा देवी के दर्शनों के लिए देश-विदेश और विशेष रूप से दक्षिण भारत (तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश आदि) से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भाषा की समस्या को समाप्त करने के लिए यहां तैनात पुलिस जवानों को हाईटेक टैबलेट प्रदान किए जाएंगे।

इन डिवाइसेज में आधुनिक ट्रांसलेशन सॉफ्टवेयर अपलोड रहेगा। यदि कोई श्रद्धालु अपनी क्षेत्रीय भाषा (जैसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम) या विदेशी भाषा में अपनी बात रखेगा, तो पुलिसकर्मी तुरंत उसे हिंदी या अंग्रेजी में अनुवाद करके समझ लेंगे। इसी तकनीक की मदद से पुलिस भी श्रद्धालु की ही भाषा में सही दिशा-निर्देश और सहायता उपलब्ध कराएगी।

चौकी के बाहर एक विशाल डिजिटल स्क्रीन लगाई जा रही है। मेले या सामान्य दिनों में यदि कोई बच्चा परिजनों से बिछड़ जाता है या किसी का सामान गुम होता है, तो उसकी तस्वीर और ब्योरा तुरंत इस स्क्रीन पर प्रसारित होगा। इसके अलावा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी इस पर लगातार चलते रहेंगे।

चौकी में एक प्रभारी अधिकारी के साथ चार पुलिसकर्मियों का दस्ता चौबीसों घंटे तैनात रहेगा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए टीम में हमेशा 2 पुरुष और 2 महिला पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।

पूरे मंदिर प्रांगण में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों का केंद्रीय निगरानी कक्ष (कंट्रोल रूम) इसी चौकी के भीतर स्थापित किया जा रहा है। यहां से पुलिस जवान पूरे परिसर की गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे।

मंदिर परिसर के भीतर किसी भी तरह की आपात स्थिति या शिकायत होने पर पीड़ित सीधे यहां संपर्क कर सकेंगे। किसी भी तरह की आपराधिक घटना या चोरी पर तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि बाहरी राज्यों या विदेशों से आए पर्यटकों को पंचकूला शहर, नजदीकी दर्शनीय स्थलों, यातायात साधनों, ठहरने की व्यवस्था अथवा मनसा देवी मंदिर के गौरवशाली इतिहास के बारे में जानकारी चाहिए, तो यहां तैनात पुलिसकर्मी एक प्रशिक्षित टूरिस्ट गाइड की तरह उनका मार्गदर्शन करेंगे।

माता मनसा देवी सिद्ध पीठ में नवरात्र महोत्सव के दौरान अपार जनसैलाब उमड़ता है। आंकड़ों के मुताबिक प्रथम और षष्ठी नवरात्र पर दर्शनार्थियों की संख्या 1 लाख से अधिक पहुंच जाती है। वहीं अन्य दिनों में भी प्रतिदिन 50,000 से अधिक भक्त मां के दरबार में शीश नवाते हैं।
इसके अतिरिक्त सामान्य दिनों में भी हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली और विदेशों से हर रोज हजारों की तादाद में श्रद्धालु पंचकूला पहुंचते हैं। इसी विशाल भीड़ के सुगम प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सहूलियत और कड़े सुरक्षा चक्र को ध्यान में रखते हुए इस स्थायी पुलिस चौकी की नींव रखी गई है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *