सत्ता में 25 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की विनायक मंदिर में पूजा, देश की निरंतर प्रगति के लिए की प्रार्थना

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में रहते हुए आज ( बुधवार 7 अक्टूबर 2026) 25 साल पूरे हो गए. सरकार के प्रमुख के रूप में उन्होंने अपने 25 सालों का सफर तय कर लिया है. इस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण अवसर पर पीएम नई दिल्ली के सरोजिनी नगर में स्थित श्री विनायक मंदिर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया. इस खास मौके पर पीएम मोदी को तमाम नेताओं ने बधाई दी है.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा ‘आज नई दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की’. भगवान श्री गणेश से देशभर के अपने परिवारजनों की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की. विघ्नहर्ता की कृपा से सबका कल्याण हो और देश निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे’.

पीएम मोदी का सरकार के प्रमुख के तौर पर यह सफर 7 अक्टूबर 2001 को शुरू हुआ था, जब उन्होंने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. इसके बाद वो लगातार तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री रहे. वहीं साल 2014 से लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं.7 अक्टूबर 2026 को उनके नेतृत्व के 25 साल पूरे हो गए हैं.

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर तमाम नेताओं ने उन्हें बधाई दी. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोशल मीडिया पर पीएम का एक वीडियो शेयर किया है. जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा ‘राष्ट्र प्रथम, सेवा ही जीवन!. गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधान सेवक तक, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 स्वर्णिम वर्षों की यात्रा में राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जनसेवा और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. यह केवल एक कालखंड नहीं, बल्कि स्पष्ट विज़न, दृढ़ संकल्प और आधुनिक भारत के निर्माण का एक ऐतिहासिक अध्याय है’.

उन्होंने आगे कहा ‘हर चुनौती को अवसर में बदलना, सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के संकल्प को सिद्ध करना और भारत को वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना, प्रधानमंत्री जी के अथक परिश्रम और अटूट संकल्प-शक्ति का प्रमाण है. राष्ट्र निर्माण के प्रति आपकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है.आपके यशस्वी नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के सामूहिक स्वप्न को साकार करने की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी’.

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ को जीवन का ध्येय मानकर भारत की अस्मिता, स्वाभिमान और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर समर्पित आदरणीय प्रधानमंत्री प्रनरेंद्र मोदी का Head Of The Government के रूप में 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष का अवसर है.

उन्होंने कहा ‘इन वर्षों की राष्ट्र साधना में जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना निरंतर प्रतिबिंबित हुई है. प्रधानमंत्री जी का जीवन देशवासियों को विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है. राष्ट्र सेवा के इस अविराम पथ पर 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री जी को हार्दिक बधाई’.

वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पीएम को बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं’

उन्होंने आगे कहा ‘7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है. इन 25 वर्षों में आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को अपनी प्राथमिकताओं में रखा है. अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का उनका संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणा है. प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हम भी उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं’.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *