पंचकूला ABA क्लब में हंगामा: स्टाफ से मारपीट और लड़कियों के वीडियो बनाने के आरोप में क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर सस्पेंड
हरियाणा के पंचकूला में एक क्लब के अंदर क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर पर हंगामा करने और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के आरोप लगे हैं। मामला सेक्टर-5 स्थित ABA क्लब का है, जहां 27 सितंबर की रात इंस्पेक्टर अजीत पर शराब के नशे में पहुंचने, क्लब के बाउंसरों से बदतमीजी करने और डांस कर रही लड़कियों के वीडियो बनाने का आरोप है। क्लब मालिक जश्न बाजवा की शिकायत के बाद इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। क्लब मालिक का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने स्टाफ के साथ विवाद के बाद अपने साथी पुलिसकर्मियों को भी बुला लिया। इसके बाद सादे कपड़ों में हथियार लेकर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने क्लब में हंगामा किया। मालिक ने घटना के CCTV फुटेज पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
क्लब मालिक जश्न बाजवा, जो रोपड़ के रहने वाले हैं, के मुताबिक 27 सितंबर की रात क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अजीत अकेले क्लब पहुंचे थे। आरोप है कि वह नशे में थे और उन्होंने क्लब के गेट पर तैनात बाउंसरों से बदतमीजी शुरू कर दी। इसके बाद चेकिंग के नाम पर क्लब के अंदर भी कर्मचारियों के साथ विवाद किया। मालिक का कहना है कि जब स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो इंस्पेक्टर ने फोन कर अपने साथी पुलिसकर्मियों को बुला लिया। इसी दौरान क्लब के शेफ के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
क्लब मालिक के अनुसार, इंस्पेक्टर ने अंदर जाकर डांस फ्लोर के पास मौजूद लड़कियों के वीडियो बनाने शुरू कर दिए। उस समय क्लब में करीब 10 लड़कियां मौजूद थीं। स्टाफ ने जब वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई तो विवाद और बढ़ गया। जश्न बाजवा का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने कर्मचारियों की बात नहीं मानी और हंगामा जारी रखा। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने तुरंत सेक्टर-5 थाना पुलिस को सूचना दी। क्लब मालिक का कहना है कि घटना के दौरान वहां सूफी संगीत का कार्यक्रम चल रहा था।
क्लब मालिक का आरोप है कि इंस्पेक्टर अजीत ने अपने साथियों को बुलाने के बाद सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की एक टीम क्लब में भेजी। उनके मुताबिक, टीम में करीब पांच पुलिसकर्मी थे, जो हथियार लेकर क्लब में दाखिल हुए। इस दौरान क्लब के अंदर मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों के वीडियो भी बनाए गए। जश्न बाजवा के अनुसार, कुछ देर बाद सेक्टर-5 थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, आरोप है कि क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर ने उनकी बात भी नहीं मानी। क्लब मालिक का दावा है कि करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा और इसके बाद पुलिसकर्मी वहां से चले गए।
क्लब प्रबंधन ने घटना के सबूत के तौर पर पुलिस को CCTV फुटेज सौंपे हैं। मालिक के मुताबिक, फुटेज में इंस्पेक्टर अजीत पहले क्लब के बाहर अकेले खड़े दिखाई देते हैं। इसके बाद वह फोन पर बातचीत करते हैं और कुछ देर बाद उनके साथी वहां पहुंचते हैं। मालिक का दावा है कि फुटेज में पांच पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में हथियार लेकर क्लब में दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक पुलिसकर्मी नंगे पैर क्लब के अंदर घूमता नजर आ रहा है। फुटेज में पुलिसकर्मियों के क्लब में प्रवेश करने और वहां मौजूद लोगों के वीडियो बनाने की गतिविधियां भी दिखाई देने की बात कही गई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें क्लब के बाहर पुलिस की गाड़ी खड़ी दिखाई दे रही है। गाड़ी के पास सादे कपड़ों में चार से पांच युवक नजर आ रहे हैं। इनमें से एक के कंधे पर हथियार टंगा हुआ दिखाई देता है। क्लब मालिक ने इन्हें क्राइम ब्रांच के कर्मचारी बताया है।
क्लब प्रबंधन का कहना है कि उनके पास रात 3 बजे तक क्लब और बार संचालित करने का परमिट और लाइसेंस है। घटना वाली रात क्लब में सूफी संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रबंधन का आरोप है कि पुलिसकर्मियों के हंगामे और कथित मारपीट के बाद कई कर्मचारी डरकर काम छोड़कर चले गए। क्लब मालिक के मुताबिक, इस घटना से कर्मचारियों में डर का माहौल है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
क्लब मालिक जश्न बाजवा ने घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत में इंस्पेक्टर अजीत पर मारपीट, बदसलूकी और क्लब में हंगामा करने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के बाद इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। पंचकूला के सेक्टर-5 थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि क्लब मालिक ने पुलिस को शिकायत दी है, जिसमें मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अभी कोई FIR दर्ज नहीं हुई है।थाना प्रभारी के मुताबिक, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्लब मालिक की ओर से लगाए गए आरोपों और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।
