पंचकूला-सहारनपुर हाईवे के पास अंडरगारमेंट्स में मिला युवती का शव, माथे पर चोट के निशान; हत्या की आशंका

0

पंचकूला-सहारनपुर हाईवे पर यमुनानगर के जगाधरी में रुहला खेड़ी गांव के पास बुधवार सुबह खेतों में पानी की डोल से करीब 30 से 32 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती के शरीर पर अंडरगारमेंट्स थे, जबकि आसपास उसके अन्य कपड़े नहीं मिले। उसके गले में मंगलसूत्र और पैरों में पाजेब मिली है। माथे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं।

शव मिलने की सूचना पर DSP राजीव मिगलानी के नेतृत्व में पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जगाधरी थाना पुलिस और CIA की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

प्रारंभिक जांच में युवती की हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

DSP राजीव मिगलानी ने बताया कि शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। युवती के माथे पर चोट का निशान मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जगाधरी सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम से मौत की वजह और शरीर पर मिली चोटों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

घटनास्थल के आसपास पुलिस को ऐसी कोई वस्तु या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे युवती की पहचान हो सके। इसके बाद पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। साथ ही आसपास के इलाकों में पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में कोई महिला या युवती लापता तो नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान और उसकी मौत की परिस्थितियों का पता जांच तथा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *