फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की सूची में SSP कंवरदीप कौर:चंडीगढ़ पुलिस की कार्यशैली को राष्ट्रीय पहचान; कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर फोकस

0

फेम इंडिया-एशिया पोस्ट ने देशभर के 25 प्रमुख पुलिस अधिकारियों की सूची जारी की है। इसमें चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर को भी शामिल किया गया है। इस सूची में उन पुलिस अधिकारियों को जगह दी गई है, जिन्होंने अपराध रोकने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लोगों की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अच्छा काम किया है।

फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के अनुसार, अधिकारियों के चयन में केवल उनके पद या वरिष्ठता को आधार नहीं बनाया गया है। इसके लिए अधिकारियों के वास्तविक कार्य, नेतृत्व क्षमता, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, नागरिक सेवाओं, पुलिस आधुनिकीकरण और जनता के बीच पुलिस की विश्वसनीयता जैसे पहलुओं को प्रमुख आधार माना गया है।

एसएसपी कंवरदीप कौर के नेतृत्व में चंडीगढ़ पुलिस की ओर से शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए काम किया जा रहा है। संवेदनशील मामलों में त्वरित पुलिस कार्रवाई, अपराध की जांच में तेजी और शहर में लोगों की सुरक्षा को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिस की ओर से अपराध की बदलती प्रकृति को देखते हुए पारंपरिक पुलिसिंग के साथ आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है।

चंडीगढ़ जैसे शहरी क्षेत्र में पुलिस के सामने कई तरह की चुनौतियां रहती हैं। इनमें चोरी, लूट, नशे से जुड़े अपराध, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल पुलिस सहायता प्रमुख हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली में तकनीक और बेहतर समन्वय को शामिल किया जा रहा है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *