चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिन का ब्लॉक, 442 ट्रेनें प्रभावित, रूट में भी बदलाव
चंडीगढ़: रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में चल रहे काम के कारण यात्रियों को अगले करीब 36 दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. पुराने फुट ओवरब्रिज के गर्डर हटाने और नए ढांचे के काम के लिए रेलवे की ओर से 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक अलग-अलग चरणों में पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा. इस दौरान कुल 442 ट्रेनें प्रभावित होंगी. इनमें कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि कई के रूट और ठहराव में बदलाव किया जाएगा.
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिन का ब्लॉक: अंबाला डिवीजन के डीआरएम विनोद भाटिया ने बताया कि चंडीगढ़ से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों की आवाजाही ब्लॉक के चलते प्रभावित होगी. यात्रियों की सुविधा के लिए साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया गया है. रेलवे ने यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है.
दिल्ली-कालका समेत कई प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद्द: ब्लॉक की अवधि में 14331/14332 दिल्ली-कालका-दिल्ली एक्सप्रेस, 14541/14542 चंडीगढ़-अमृतसर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, 14629/14630 चंडीगढ़-फिरोजपुर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस और 54531/54532 अंबाला-कालका-अंबाला पैसेंजर समेत कई ट्रेनों को निर्धारित अवधि में रद्द किया गया है. इसके अलावा 74645/74646 अंबाला-जालंधर सिटी-अंबाला और 74991/74992 अंबाला-दौलतपुर चौक-अंबाला ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी.
इन ट्रेनों का सफर होगा सीमित: कुछ ट्रेनों का सफर चंडीगढ़ की बजाय अंबाला कैंट तक सीमित किया जाएगा. 15063/15064 रामनगर-चंडीगढ़-रामनगर ट्रेन चंडीगढ़ के बजाय अंबाला कैंट तक चलेगी. इसी तरह 12983/12984 अजमेर-चंडीगढ़-अजमेर गरीब रथ को भी चंडीगढ़ और अंबाला के बीच आंशिक रूप से रद्द किया गया है.
लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस का भी बदलेगा मार्ग: 3 और 10 अक्टूबर को 14615 लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस अंबाला-चंडीगढ़-सानेहवाल के बजाय अंबाला-सहरिंद-सानेहवाल होकर चलेगी. इस दौरान ट्रेन चंडीगढ़, साहिबजादा अजीत सिंह नगर और न्यू मोरिंडा स्टेशन पर नहीं रुकेगी. इसी तरह 14616 अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस का रूट भी बदलेगा और यह सानेहवाल-सहरिंद-अंबाला होकर चलेगी. रेलवे ने यात्रियों से सफर पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति रेलवे पूछताछ या नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम पर जांचने की अपील की है, ताकि अंतिम समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सके.
