गोवा से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन में खराबी
गोवा से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट की उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. फ्लाइट ने गोवा एयरपोर्ट से उड़ान भरी ही थी कि उसे वापस एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया गया. दरअसल 14000 फीट की ऊंचाई पर पता चला कि प्लेन के इंजन में खराबी आ गई है, जिसके बाद तुरंत ही ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई. इसके बाद फ्लाइट को एयरपोर्ट की तरफ वापस मोड़ दिया गया, ये जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है.
सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 मंगलवार सुबह गोवा से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, लेकिन कुछ ही देर बाद प्लेन के एक इंजन में खराबी की खबर सामने आई. इसके बाद प्लेन की गोवा के मोपा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.
सामने आई जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने मंगलवार सुबह 9 बजकर 16 मिनट पर गोवा के मोपा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. लेकिन कुछ ही मिनट बाद पता चला कि विमान का इंजन खराब हो गया है.ये सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने 9.30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित की और पायलट ने प्लेन को तुरंत मोपा एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया. जानकारी के मुताबिक 9.50 के आसपास फ्लाइट की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग मोपा एयरपोर्ट पर करा दी गई.
इंडिगो ने इस घटना पर बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि 1 सितंबर 2026 को नॉर्थ गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक तकनीकी खराबी की सूचना मिली. SOP का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई. जिसके बाद पायलटों ने प्लेन को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड कराया.
