बिश्केक में मिले PM मोदी और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, द्विपक्षीय मुद्दों पर हुई चर्चा
सोमवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के बीच मुलाकात हुई। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के बीच द्विपक्षीय बैठक आयोजित की गई।
बिश्केक में हुई इस उच्चस्तरीय मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत-ईरान के आपसी संबंधों को मजबूत करने, व्यापार, चाबहार पोर्ट कनेक्टिविटी और पश्चिम एशिया के ताजा हालात पर विस्तृत चर्चा की।
विदेश मंत्रालय ने इस मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा किदोनों नेताओं ने आपसी द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष के हालिया घटनाक्रमों और उभरती स्थिति पर भी अपने दृष्टिकोण साझा किए। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त की और भारत के इस निरंतर रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति (डायलॉग और डिप्लोमेसी) के जरिए ही निकाला जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। नौवहन (नेविगेशन) और व्यापार की स्वतंत्रता की सुरक्षा का आह्वान करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचों-जिसमें व्यावसायिक जहाज और नाविक शामिल हैं-को किसी भी परिस्थिति में नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए।
ब्रिक्स (BRICS) और एससीओ (SCO) सहित बहुपक्षीय संगठनों में ईरान के साथ मिलकर काम करने की भारत की तत्परता को दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पेजेश्कियान का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
अमेरिका के साथ जारी जंग के बीच ईरान के राष्ट्रपति की भारत के पीएम के साथ मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। खासकर हॉर्मुज को लेकर, जहां इस वक्त ईरान और अमेरिका उलझे हैं और जहाजें निकल नहीं पा रही हैं।
