पंचकूला में नशा तस्कर गिरफ्तार, 61 लाख रुपये की हेरोइन जब्त, आरोपी पर पहले से दर्ज है हत्या केस

0

पंचकूला: एंटी नारकोटिक्स सेल पंचकूला की टीम ने नशा तस्कर को गिरफ्तार किया. आरोपी के पास के पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हेरोइन को पंजाब से पंचकूला में सप्लाई करना चाहता था. आरोपी की पहचान 21 वर्षीय समरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के जिला फाजिल्का का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 305 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये आंकी गई है. आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-7 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.

डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार एंटी नारकोटिक्स सेल को 23 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि जलालाबाद निवासी समरजीत सिंह भारी मात्रा में हेरोइन लेकर सेक्टर-6 स्थित टोपियरी पार्क के आसपास किसी ग्राहक को सप्लाई देने आने वाला है. सूचना के आधार पर इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक पंजाब नंबर की मोटरसाइकिल पर टोपियरी पार्क के गेट की ओर आता दिखाई दिया. पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया. तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 305 ग्राम हेरोइन, एक एप्पल आईफोन, कैश और सप्लाई में प्रयोग मोटरसाइकिल बरामद की गई.

पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि “पूछताछ के दौरान हेरोइन सप्लाई करने वाले अन्य व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है. इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश कर उसका चार दिन का रिमांड हासिल किया गया. रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से नशे की सप्लाई चेन, मुख्य सप्लायरों, ग्राहकों और नशे की खेप के स्रोत के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी. जांच में ये भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का एक मामला भी दर्ज है. आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संपर्क में रहे अन्य व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है.”

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि “पंचकूला को नशामुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे की पूरी सप्लाई चेन और मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने को प्रयासरत है. नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस के साथ आम लोग, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी को बेहद जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर इस लड़ाई में जीत हासिल कर पंचकूला को नशामुक्त बनाना है.”

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *