भारी बारिश के बाद प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया चंडीगढ़ का जमीनी निरीक्षण
अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
चंडीगढ़, 19 अगस्त 2026: चंडीगढ़ में 18 अगस्त को हुई भारी बारिश के बाद शहर में जलभराव, गिरे पेड़ों, क्षतिग्रस्त सड़कों और यातायात संबंधी समस्याओं का जायजा लेने के लिए पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को शहर के विभिन्न हिस्सों का व्यापक जमीनी निरीक्षण किया। प्रशासक ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर मौके की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
प्रशासक ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा सीटीयू बस से किया। उनके साथ चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, पंजाब के राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव वी.पी. सिंह, गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़ तथा वित्त सचिव दीप्रवा लाकरा सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रशासक ने शहर के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर भारी बारिश के बाद उत्पन्न परिस्थितियों को देखा और अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी हासिल की।
गुलाब चंद कटारिया ने सेक्टर-17, सेक्टर-22, सेक्टर-43, सेक्टर-46, सेक्टर-47, जगतपुरा, ट्रिब्यून चौक, शास्त्री नगर-मनीमाजरा, बापूधाम तथा सेक्टर-26 मंडी क्षेत्र समेत शहर के कई हिस्सों का दौरा किया।
उन्होंने इन क्षेत्रों में जलभराव, सड़क एवं यातायात की स्थिति, गिरे हुए पेड़ों और शाखाओं तथा बारिश के कारण पैदा हुए अन्य अवरोधों की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न स्थानों पर बारिश के बाद सामने आई समस्याओं और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी।
जलभराव और गिरे पेड़ों को तुरंत हटाने के निर्देश
प्रशासक ने नगर निगम और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी सुनिश्चित करने के साथ-साथ गिरे हुए पेड़ों और शाखाओं को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की आवश्यक मरम्मत भी प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के बाद प्रभावित क्षेत्रों की सफाई और बहाली के कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए लोगों को जल्द से जल्द राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
