PM मोदी ने शेयर किया 30 सेकेंड का वीडियो संदेश, देशवासियों से की खास अपील
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों में देशभक्ति का अलख जगाने के लिए अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एक खास वीडियो संदेश जारी किया है. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए 30 सेकेंड के इस लेटेस्ट वीडियो के जरिए पीएम मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर एक अपील की है.
अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, “आइये 15 अगस्त को आन-बान-शान के साथ मनाएं. हमारे स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत का संकल्प लें.” अभियान के मुख्य मंत्र को दोहराते हुए उन्होंने आगे कहा, “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा. आइये, हर घर पर तिरंगा लहराइये.”
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ध्वज संहिता का पालन करने का निर्देश दिया. मंत्रालय ने कहा कि हालांकि महत्वपूर्ण राष्ट्रीय, सांस्कृतिक और खेल आयोजनों के दौरान आम लोग कागज से बने झंडे लहरा सकते हैं, लेकिन कार्यक्रमों के बाद उन्हें फेंका या जमीन पर नहीं डाला जाना चाहिए. मंत्रालय ने राज्यों से कहा कि वे इस संबंध में बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम चलाएं और इलेक्ट्रॉनिक तथा प्रिंट मीडिया में विज्ञापनों के जरिए इनका व्यापक प्रचार-प्रसार करें.
