लाल सागर में भारतीय जहाज पर हमला, 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचाया गया; सरकार ने की हमले की निंदा

0

लाल सागर में यमन के तट के पास मंगलवार को भारतीय ध्वज वाले मालवाहक जहाज एमएसवी फैज नूर ओलिया पर हमला हुआ, जिसके बाद यह पलटकर जहाज डूब गया। इस हमले को लेकर केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि जहाज पर सवार सभी 14 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। इनमें 13 भारतीय नागरिक शामिल हैं।

भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा की। सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भारत ने बिना किसी उकसावे के ‘एमएसवी फैज नूर ओलीया’ पर किए गए इस हमले की कड़ी निंदा की है। सरकार ने लाल सागर क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों पर चिंता भी जताई।

मंत्री सोनोवाल ने बताया कि चालक दल के सभी सदस्यों को यमन के तटरक्षक बल ने रेस्क्यू किया और उन्हें मोखा पोर्ट लाया गया। उन्होंने कहा कि डायरेक्टर जनरल ऑफ शिपिंग को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी संबंधित एजेंसियों के साथ तालमेल कर क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाएं।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। साथ ही चालक दल की सुरक्षा के लिए यमनी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है। मंत्रालय ने नाविकों की मदद के लिए यमनी अधिकारियों का धन्यवाद भी किया।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप, क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से स्वतंत्र एवं निर्बाध आवागमन तथा व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।’

लाल सागर में हाल के महीनों में व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ी हैं। जिससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *